
तारीख:09/02/2026
पता:बाराणसी (उत्तर प्रदेश)
प्रधानाध्यापक ने कक्षा 4 की छात्राओं को दिखाए अश्लील वीडियो, लोगों ने बनाया बंधक शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर इलाके में स्थित एक प्राइमरी विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर घिनौनी करतूत के गंभीर आरोप लगे हैं. आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने कक्षा चार की मासूम छात्राओं को अश्लील वीडियो और फोटो दिखाए. इसके बाद छात्राओं के परिजनों और अन्य अभिभावकों ने विद्यालय घेर कर प्रधानाध्यापक को बंधक बना लिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम ने किसी तरह आरोपी प्रधानाध्यापक को लोगों से बचाकर हिरासत में ले लिया है.एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने बताया कि घटना शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर इलाके में स्थित प्राइमरी विद्यालय की है. सूचना मिली थी कि विद्यालय के हेड मास्टर द्वारा बच्चियों के साथ अश्लीलता व छेड़खानी की जा रही है. हालात को देखते हुए तत्काल शिवपुर थाना प्रभारी राजू कुमार और कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत को मौके पर भेजा गया था. इसके बाद अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे.एसीपी के मुताबिक विद्यालय के बाहर बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोगों की उग्र भीड़ एकत्र थी. कुछ लोगों ने आरोपी हेड मास्टर को विद्यालय के अंदर बंधक बना रखा था. प्राथमिक पूछताछ में अभिभावकों ने बताया कि हेड मास्टर ने कक्षा चार की कुछ बच्चियों गंदे वीडियो और फोटो दिखाकर उनके साथ छेड़खानी की है. जिनमें तीन की उम्र 11 वर्ष की एक की 9 वर्ष है. यह जानकारी परिजनों तक पहुंचने के बाद लोग भड़क गए हैं. बहरहाल लोगों को समझा बुझाकर आरोपी हेड मास्टर को हिरासत में ले लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
